ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में तथाकथित सोशल मीडिया पत्रकारों पर पुलिस की कार्रवाई .....

- एक व्यक्ति को धमकाकर अवैध वसूली का आरोप। पिता-पुत्र पर FIR दर्ज  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

कपूरथला में लोगों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने के आरोपी तथाकथित सोशल मीडिया पत्रकारों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। सिटी थाना पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर पिता-पुत्र आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि करते हुए DSP सब डिवीज़न शीतल सिंह ने की है।  

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित मुकेश कुमार पुत्र किशन गिरधारी लाल निवासी मोहल्ला कायमपुरा ने बताया कि 4 अप्रैल की दोपहर सरबजीत सिंह और उसका बेटा मनजोत उसके पास आए। इसके बाद दोनों सामने एक खाली प्लॉट में टेंट लगाकर रह रहे अमीन मोहम्मद के पास पहुंचे और खुद को पत्रकार बताते हुए उसके टेंट की तलाशी लेने लगे।

आरोप है कि दोनों ने टेंट के अंदर एक खाली प्रेगा कैप्सूल पत्ते को फेंक कर वीडियो बनाकर अमीन मोहम्मद पर नशा बेचने, अवैध काम करने और बिजली चोरी करने के आरोप लगाए। इतना ही नहीं, उन्होंने बच्चों तक की तलाशी ली और खुद को पुलिस द्वारा भेजा गया बताकर धमकाया।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने मामला रफा-दफा करने के लिए 10,000 रूपये की मांग की। डर के चलते अमीन मोहम्मद ने उन्हें 1700 रूपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने और सामान, जैसे सोफा सेट के कवर देने का दबाव बनाया, लेकिन मना करने पर उन्होंने धमकी दी कि वीडियो को फेसबुक पेज “वॉइस ऑफ कपूरथला” पर वायरल कर देंगे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त फेसबुक पेज एक फर्जी चैनल है, जिसके जरिए आरोपी लोगों को गुमराह कर पैसे वसूलते हैं। सूत्रों की माने तो इनमे से एक का सम्पर्क बड़ी राजनितिक पार्टी से भी है। 

वहीँ DSP सब डिवीज़न शीतल सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मनजोत, सरबजीत सिंह उर्फ बंटी पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे फर्जी पत्रकारों के लिंक की जाँच की जा रही है, जिसमे कुछ और लोग भी घेरे में आ सकते है। 

No comments