ब्रेकिंग न्यूज़

अर्बन एस्टेट में रक्तदान शिविर एवं फ्री मेडिकल चेकअप कैंप का होगा आयोजन ....

- बैसाखी के पावन अवसर अर्बन एस्टेट के श्री नीलकंठ मंदिर परिसर में आयोजन  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

बैसाखी के पावन अवसर (14अप्रैल) पर अर्बन एस्टेट वेलफेयर सोसायटी, कपूरथला द्वारा श्री नीलकंठ मंदिर अर्बन एस्टेट परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक 10वां मेगा रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

यह जानकारी अर्बन एस्टेट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अनुज आनंद ने देते हुए बताया कि इस शिविर में प्रसिद्ध डॉक्टर (डॉ. रंजीत राय, डॉ. गयान चंद मांगत, डॉ. रिधिमा, डॉ. विश्वजीत सिंह, डॉ. मयंक खुल्लर, डॉ. कंवर दीप सिंह नंधा, डॉ. कुलजीत कौर एवं डॉ. नवजीत कौर थिंद) अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

इस शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ, एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, पैथोलॉजिस्ट एवं फिजियोथेरेपिस्ट उपलब्ध रहेंगे। शिविर में बेसिक मेडिकल जांच नि:शुल्क की जाएंगी तथा अन्य चेकअप रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।

अनुज आनंद ने सभी योग्य व्यक्तियों से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 18 से 65 वर्ष की आयु के स्वस्थ व्यक्ति, जिनका वजन कम से कम 45–50 किलोग्राम हो तथा जो किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त न हों, रक्तदान कर सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि रक्तदान एक महान कार्य है, जो जरूरतमंद लोगों की जान बचाता है। इसके साथ ही यह दानकर्ता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है, जैसे शरीर में नए रक्त का निर्माण तेजी से होता है, रक्त संचार बेहतर रहता है और व्यक्ति को मानसिक संतोष एवं समाज सेवा का गर्व प्राप्त होता है।

उन्होंने सभी एनजीओ, समाजसेवी, निवासियों, रिश्तेदारों एवं विभिन्न समूहों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को इस शिविर से जोड़ें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

अनुज आनंद ने यह भी बताया कि सोसायटी के पदाधिकारी के.एस. नागरा, गुरनाम सिंह, एच.के. पुल्लानी, विकास पुरी एवं सचिन अरोड़ा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अंत में उन्होंने श्री नीलकंठ मंदिर कमेटी का इस शिविर के आयोजन में सहयोग देने के लिए आभार जताया है।  

No comments