ब्रेकिंग न्यूज़

रिश्तों का खौफनाक अंत-- पत्नी को लेने आए युवक को साले ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया ....

- बचाने आई भाभी की भी झुलसने से मौत  

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब  

पंजाब के तरनतारन जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसमे पत्नी को मायके से वापस ससुराल ले जाने पहुंचे एक युवक को उसके ही साले ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। वहीँ युवक को बचाने आई आरोपी की भाभी भी आग की चपेट में आ गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ उनकी मौत हो गई। हालाँकि इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। 

मृतक की पहचान अमृतसर के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लवप्रीत की शादी तरनतारन के गांव संघा में करीब नौ महीने पहले संदीप कौर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद होने पर संदीप कौर अपने मायके आकर रहने लगी थी। 

बताया जा रहा है कि 13 जून को लवप्रीत सिंह अपनी पत्नी को मनाकर वापस ससुराल ले जाने के लिए उसके मायके पहुंचा था। इस दौरान उसकी ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसका साला साजन सिंह कथित तौर पर पेट्रोल की बोतल ले आया और लवप्रीत पर पेट्रोल डाल दिया।  

इसी दौरान बीच-बचाव करने के लिए साजन सिंह की भाभी गुरजीत कौर भी मौके पर पहुंचीं। पेट्रोल उनके ऊपर भी गिर गया। आरोप है कि गुस्से में साजन सिंह ने लाइटर से आग लगा दी, जिससे लवप्रीत सिंह और गुरजीत कौर दोनों आग की चपेट में आ गए। आग लगने से आरोपी साजन सिंह भी झुलस गया, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया।  

स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से झुलसे लवप्रीत सिंह और गुरजीत कौर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीँ घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और दोहरे हत्याकांड के आरोप में साजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इलाज के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।  

No comments