ब्रेकिंग न्यूज़

रोष प्रदर्शन ....... किसान प्रदर्शनकारियों के जाने के बाद भाजपाइयों ने उसी स्थान पर उसी पुतले को जलाकर कैप्टन के खिलाफ विरोध जताया .....

- पुलिस सुरक्षा में भाजपा नेताओं ने मलोट की घटना की निंदा करते हुए पंजाब सरकार को कोसा  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला   

पंजाब के मलोट में शनिवार को अबोहर के भाजपा विधायक अरुण नारंग के साथ कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई मारपीट के रोष में रविवार को कपूरथला चारबत्ती चौक पर मंडल अध्यक्ष धर्मपाल महाजन के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने कैप्टन सरकार का पुतला जलाकर विरोध जताया, और पंजाब सरकार द्वारा जनता के नुमाइंदों की सुरक्षा पुख्ता ना होने के चलते पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। 

इससे पहले इस रोष प्रदर्शन की तैयारी में लगे भाजपाइयों का किसान समर्थकों तथा प्रदर्शनकारियों ने विरोध भी जताया था और भाजपा नेताओं और किसान आमने-सामने हो गए थे। लेकिन पुलिस की मौजूदगी तथा बीच-बचाव के चलते दोनों पक्षों में तनाव को बढ़ने से रोका गया। पुलिस द्वारा बीच-बचाव के बाद भाजपा नेता उस समय चार बत्ती चौक से चले गए और काफी देर तक कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को एक मांग पत्र भी दिया था।

प्रदर्शनकारियों के जाने के बाद भाजपा नेताओं ने चार बत्ती चौक पर ही पहुंच उसी पुतले को जलाकर अपना विरोध जताया और मलोट की घटना की पुरजोर निंदा की। भाजपा नेताओं ने प्रदेश में शांति का माहौल कायम रखने की मांग करते हुए प्रदेश के सभी भाजपा नेताओं को पुख्ता सुरक्षा मुहैया करवाने की भी मांग की है। और भविष्य में मलोट जेसी घटना दोबारा ना घटे इसलिए भाजपा के आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए। 

कैप्टन सरकार का पुतला जलाते समय चार बत्ती चौक पर मंडल अध्यक्ष धर्मपाल महाजन, भाजपा प्रदेश कार्यकारिण सदस्य उमेश शारदा, मनु धीर, चेतन सूरी, आकाश कालिया, राजेश पासी, निर्मल नाहर, जिला वाइस प्रधान अशोक माहला, जिला महामंत्री जगदीश शर्मा, अश्वनी तुली, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट पियूष मनचंदा, अनिल शर्मा, बॉबी शर्मा, एडवोकेट चंद्रशेखर, राजेश मनन, सतीश कटारिया, प्रेम अग्रवाल, रविंदर शर्मा, ध्रुव कुमार, शाम कुमार, शाम, हरीश कुमार आदी मौजूद थे।

No comments